रायपुर, 03 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में जल संरक्षण को बढ़ावा देने और भूजल स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम जोन-8 में वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नगर निगम की महापौर मीनल चौबे एवं आयुक्त श्री संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने नगर निवेश विभाग और पंजीकृत वास्तुविदों (आर्किटेक्ट एवं भवन डिजाइनरों) के साथ विस्तृत चर्चा की।
बैठक में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान तथा नगर निवेश विभाग के अबरार खान सहित सभी पंजीकृत वास्तुविद उपस्थित रहे। इस दौरान वर्षा जल संचयन प्रणाली को प्रत्येक भवन में प्रभावी ढंग से स्थापित कराने और उसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने सभी वास्तुविदों को निर्देश दिए कि वे भवन स्वामियों के माध्यम से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना सुनिश्चित करें तथा जल संरक्षण संबंधी प्रावधानों का पालन करवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर के प्रत्येक घर और भवन में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली स्थापित कराने के लिए नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि वास्तुविदों की भूमिका इस अभियान में बेहद महत्वपूर्ण है और सभी को अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करना होगा।
वहीं महापौर मीनल चौबे ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वर्षा जल संचयन केवल एक व्यवस्था नहीं, बल्कि भविष्य की जल सुरक्षा का मजबूत आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में अनिवार्य रूप से रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने और धरती माता को जल लौटाने का संकल्प लेने का आग्रह किया। महापौर ने कहा कि जनभागीदारी से ही हर वर्ष गर्मी के मौसम में उत्पन्न होने वाली जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
नगर निगम द्वारा जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढिय़ों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

