देहरादून 3 जून (आरएनएस)। उत्तराखंड में लैब तकनीशियनों के लिए नियमावली एवं भर्ती के लिए डीजी हेल्थ स्तर से प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। इससे लैब तकनीशियनों की लंबे समय बाद भर्ती की उम्मीद जगी है। बुधवार को एकता विहार स्थित धरना स्थल पर मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले बेरोजगार मेडिकल लैब तकनीशियनों का बेमियादी बुधवार को 16वें दिन भी लगातार जारी रहा। संघ के अध्यक्ष आशीष खाली एवं महासचिव मयंक राणा ने बताया कि संगठन पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद महानिदेशालय ने आईपीएचएस मानकों के अनुसार पदों का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। पहले भेजे गए प्रस्तावों का भी जिक्र किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शासन पिछले 26 वर्षों से उपेक्षित चल रहे लैब तकनीशियनों के हित में जल्द ही सकारात्मक निर्णय लेगा, क्योंकि पूर्व में बार-बार आपत्तियां लगाकर फाइलों को ठंडे बस्ते में डाला जाता रहा है। जब तक सरकार उनकी सभी जायज मांगें नहीं मान लेती, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा। इस दौरान उपाध्यक्ष रणवीर बिष्ट, गणेश गोदियाल, शरद पाल, दीपक जोशी, सुरेश थपलियाल और अखिलेश भट्ट आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

