देहरादून 3 जून (आरएनएस)। उद्योग और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में उत्तरांचल विश्वविद्यालय के उत्तरांचल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज (यूआईपीएस) और इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड (आईजीएल) सेलाकुई के बीच बुधवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य फार्मास्यूटिकल विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान उत्कृष्टता, कौशल विकास, औद्योगिक अनुभव और नवाचार को बढ़ावा देना है। एमओयू पर हस्ताक्षर समारोह में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेंद्र जोशी, उपाध्यक्ष अंकिता जोशी, कुलपति प्रो.डॉ धर्म बुद्धि, प्रो कुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा, रजिस्ट्रार डॉ. अनुज कुमार राणा, यूआईपीएस के निदेशक प्रो विकास जखमोला और प्रो श्रद्धा बिष्ट सहित आईजीएल के उप महाप्रबंधक डॉ. शुऐब खान, डॉ. प्रशांत, डॉ. अभिमन्यु मौजूद रहे।
समझौते के तहत संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, इंटर्नशिप, परामर्श, ज्ञान का आदान-प्रदान और पाठ्यक्रम सुधार जैसे क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा।
इससे छात्रों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही प्रायोजित शोध परियोजनाओं व नवाचार आधारित अनुसंधान के नए अवसर भी खुलेंगे। विश्वविद्यालय और आईजीएल के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह साझेदारी फार्मास्यूटिकल एवं औद्योगिक अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्टता, स्थिरता और प्रभावशाली वैज्ञानिक प्रगति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। यह उद्योग और शिक्षा के बीच की दूरी को कम कर युवाओं को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने में भी सहायक बनेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

