राजनांदगांव, 03 जून (आरएनएस)। नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गैंदाटोला पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शराब और बिक्री की नकदी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा सीएसपी मंजूलता बाज के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 3 जून 2026 को थाना गैंदाटोला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गैंदाटोला नहर नली के पास एक व्यक्ति सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राजकुमार यादव (30 वर्ष), पिता स्वर्गीय गंगानुराम यादव, निवासी ग्राम जंगलपुर, थाना गैंदाटोला, जिला राजनांदगांव बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की बोरी में रखी 21 पौवा देशी शराब रोमियो बरामद की गई। प्रत्येक पौवा 180 मिलीलीटर क्षमता का था। जब्त शराब की कुल मात्रा 3.780 लीटर पाई गई, जिसकी कीमत 1,680 रुपये आंकी गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए। इस तरह कुल 2,180 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
गैंदाटोला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

