मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 3 जून (आरएनएस) सड़क पर दौड़ रही एक साधारण दिखने वाली टाटा ओमनी अचानक पुलिस की नजर में आई और जब तलाशी शुरू हुई तो वाहन के भीतर छिपा अवैध शराब का जखीरा बाहर आ गया। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब परिवहन कर रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान शराब से भरा चार पहिया वाहन और कुल 1 लाख 7 हजार 480 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स देवचरण पटेल और एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में थाना खड़गांव पुलिस द्वारा “सुघ्घर जन सुरक्षित जिला अभियान” के तहत लगातार निगरानी और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 2 जून 2026 को थाना प्रभारी उप निरीक्षक गणेश यादव अपनी टीम के साथ थाना के सामने वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान टाटा ओमनी क्रमांक सीजी 06 एल 0923 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में वाहन से 20 नग सिंमबा बियर, 18 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की और 14 पौवा शेरा प्लेन देशी मदिरा बरामद हुई। कुल 18.760 बल्क लीटर शराब की कीमत 7,480 रुपये आंकी गई। वहीं वाहन की कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई गई। पुलिस ने आरोपी अनिल सोनवानी पिता ज्ञानदास सोनवानी, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 16 इंदिरा आवास, मोहला के कब्जे से शराब और वाहन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामला गैर-जमानती होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बहरहाल, खड़गांव पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अवैध शराब कारोबारियों के लिए जिले में अब बच निकलना आसान नहीं होगा और कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

