मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 3 जून (आरएनएस) जहां कभी पुलिस की मौजूदगी सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित मानी जाती थी, वहीं अब वही पुलिस सुदूर वनांचल के गांवों में पहुंचकर भरोसे, जागरूकता और सुरक्षा का नया रिश्ता बना रही है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के थाना सीतागांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम माहका में आयोजित पुलिस चौपाल इसका जीवंत उदाहरण बनी, जहां सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर पुलिस ने ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों के बीच पहुंचकर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवचरण पटेल और एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में आयोजित इस सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यादव ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों और ग्रामीणों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके योगदान और 562 रियासतों के विलय की ऐतिहासिक भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के नुकसान, सोशल मीडिया अपराध और साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय समझाए गए। ग्रामीणों को साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1091 और डायल-112 की सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान पर विशेष जोर दिया गया। युवाओं और बच्चों को शराब एवं अन्य मादक पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी गई। महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल अपराध और महिलाओं के अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान बच्चों और महिलाओं को चॉकलेट एवं बिस्किट वितरित किए गए। कार्यक्रम में सरपंच माहेश्वरी धुर्वा, उप सरपंच डरापोबाई कुमेटी, सचिव विष्णु वट्टी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कनक नेताम, ग्राम पटेल राजूराम बोगा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
बहरहाल, पुलिस की यह चौपाल सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में विश्वास, सुरक्षा और जागरूकता की नई नींव साबित हुई, जो पुलिस और जनता के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


