सिरसा 4 जून (आरएनएस)। सी.एम.के. नैशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कौशल विकास एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित हस्तशिल्प एड-ऑन कोर्स का सफलतापूर्वक समापन किया गया। कोर्स के समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या अंशु उप्पल ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर प्राचार्या ने कहा कि कला एवं रचनात्मक गतिविधियाँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को नई दिशा प्रदान करती हैं। प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित मंच और अवसर मिलने पर पहचान मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रशिक्षण, सांस्कृतिक, रचनात्मक तथा विरासत संबंधी कार्यक्रमों में भी सक्रिय सहभागिता करें। इससे उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है तथा उनमें सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का संचार होता है।उन्होंने कहा कि महाविद्यालय समय-समय पर ऐसे कौशल-आधारित पाठ्यक्रमों का आयोजन करता है, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाना तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति प्रदान करना है।
कोर्स की संयोजिका एवं गणित विभागाध्यक्ष नेहा रानी ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 मई से 3 जून तक आयोजित इस विशेष कोर्स में कलाकृति केन्द्र से दिव्या जैन एवं पारुल जैन ने प्रशिक्षिकाओं के रूप में विद्यार्थियों को विभिन्न हस्तशिल्प कलाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं एवं कलात्मक उत्पादों के निर्माण की तकनीकों को सीखा तथा अपनी रचनात्मक क्षमता का विकास किया।
उन्होंने बताया कि इस कोर्स में विद्यार्थियों ने मोमबत्ती निर्माण, बैग निर्माण, सुंदर कलात्मक डिज़ाइन तैयार करना तथा घर में उपयोग होने वाली सजावटी एवं उपयोगी वस्तुएँ बनाना सीखा। उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल-आधारित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें स्वरोजग़ार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रेरित करते हैं। महाविद्यालय द्वारा आयोजित इस हस्तशिल्प एड-ऑन कोर्स में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
सिरसा, 04 जून।फोटो:01
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

