एडवोकेट राकेश बब्बर सर्वसम्मति से बने मार्गदर्शक
सिरसा 4 जून (आरएनएस)। अरोड़वंश धर्मशाला परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य निमार्णाधीन अरोड़वंश धर्मशाला के निर्माण कार्य की निगरानी, सहयोग एवं सुचारू संचालन के लिए नई निगरानी एवं सहयोग कमेटी का गठन करना था। बैठक की अध्यक्षता अरोड़वंश समाज के प्रधान दीपक अरोड़ा के नेतृत्व में की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान दीपक अरोड़ा ने बताया कि उनका कार्यकाल एक वर्ष पूर्ण हो चुका है। जब पूर्व में धर्मशाला निर्माण कार्य के लिए पहली कमेटी का गठन किया गया था, तभी यह निर्णय लिया गया था कि एक वर्ष के पश्चात नई कमेटी का गठन कर उसमें नए एवं सक्रिय सदस्यों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के जो सदस्य धर्मशाला निर्माण कार्य में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं तथा भविष्य में भी इस पुनीत कार्य में अपना समय और योगदान देने के इच्छुक हैं, उन्हें नई कमेटी में स्थान दिया गया है। दीपक अरोड़ा ने कहा कि यह कमेटी केवल सक्रिय सदस्यों की कमेटी होगी। यदि भविष्य में किसी सदस्य की सक्रिय भागीदारी नहीं रहती है या वह निर्माण कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं दे पाता है, तो समय-समय पर समीक्षा कर नए सक्रिय सदस्यों को कमेटी में शामिल किया जाएगा, ताकि धर्मशाला निर्माण कार्य पूरी गति और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ता रहे। बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ समाज सेवी एवं पूर्व प्रधान एडवोकेट राकेश बब्बर को कमेटी का मार्गदर्शक नियुक्त किया गया। वहीं निर्माण कार्य की देखरेख एवं सहयोग हेतु गठित कमेटी में दीपक अरोड़ा (प्रधान), राहुल कामरा (महासचिव), सुभाष फुटेला, मनजीत ढींगड़ा, रमन वॉट्स, राधाकृष्ण मखीजा, राजेंद्र वॉट्स, सुनील सचदेवा, ओमप्रकाश सचदेवा, प्रेम डोडा,राजू सेठी, सुशील चलाना, अंकित आहूजा, गौरव ग्रोवर, अशोक मखीजा, संदीप गाबा, संजय खत्री, प्रदीप ग्रोवर यश मदान को सदस्य बनाया गया। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने धर्मशाला निर्माण कार्य पूर्ण होने तक तन-मन एवं धन से सहयोग देने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि निर्माण कार्य से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव एवं निर्णय कमेटी के सक्रिय सदस्यों की सहभागिता से लिए जाएंगे, जिससे कार्य पूरी पारदर्शिता, जवाबदेही एवं सामूहिक सहमति के साथ आगे बढ़ सके। बैठक के अंत में समाज की एकता एवं सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया गया तथा विश्वास व्यक्त किया गया कि अरोड़वंश समाज का यह महत्वपूर्ण प्रकल्प समाज के सामूहिक प्रयासों से शीघ्र ही साकार होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

