सुल्तानपुर। समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों ने बढ़ती महंगाई, चरमराई बिजली व्यवस्था और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नीट पेपर लीक समेत विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष मोहम्मद शहजाद और युवजन सभा के जिलाध्यक्ष शिव मंगल तिवारी ने किया। ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता और छात्रों से जुड़े गंभीर मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी और यूथ ब्रिगेड बड़ा जनआंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन में पांच प्रमुख मांगें उठाई गईं। इनमें पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने, गैस वितरण में कथित कालाबाजारी, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर कार्रवाई करने की मांग शामिल रही। इसके अलावा प्रदेश में अघोषित विद्युत कटौती समाप्त कर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी नीति लागू करने की मांग भी की गई। सपा नेताओं ने नीट सहित हालिया प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक मामलों की उच्च स्तरीय न्यायिक या सीबीआई जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की भी मांग उठाई। मीडिया से बातचीत में मोहम्मद शहजाद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में होने वाले बड़े अपराधों के पीछे सत्तापक्ष के लोगों की भूमिका या संरक्षण रहता है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में जनता ने पीडीए की ताकत दिखा दी है, जिससे भाजपा बौखलाई हुई है। शहजाद ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर की अपनी कोई राजनीतिक हैसियत नहीं है और उनसे इस तरह के बयान दिलवाए जा रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

