लखनऊ 4 जून (आरएनएस ):राजधानी लखनऊ में नगर विकास एवं जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए गुरुवार सुबह लगभग 07 बजे नगर निगम जोन-4 अंतर्गत विभिन्न वार्डों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने संयुक्त रूप से खरगापुर सरसवां, भरवारा-मल्हौर, चिनहट प्रथम एवं राजीव गांधी प्रथम वार्ड में विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की जमीनी स्थिति का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।खरगापुर सरसवां वार्ड के सेक्टर-5 गोमती नगर एक्सटेंशन, गीतापुरी चौराहा एवं खरगापुर क्षेत्र में नाला निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। संकट मोचन द्वार के पास निर्माणाधीन नाले की स्थिति देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि यह कार्य 19 जून तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, ताकि क्षेत्र में जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।भरवारा-मल्हौर वार्ड में एसटीपी एमिटी रोड के पास खाली पड़े भूखंडों का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि तत्काल साफ-सफाई कराई जाए तथा भूखंड स्वामियों को नोटिस जारी कर बाउंड्री वॉल निर्माण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे कूड़ा डंपिंग और अतिक्रमण की समस्या पर प्रभावी रोक लग सके।चिनहट प्रथम वार्ड के अंतर्गत चिनहट चौराहा बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए बाजार के समीप व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने पर भी बल दिया गया, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।राजीव गांधी प्रथम वार्ड के मिठाई वाला चौराहा स्थित पीसीटीएस क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई एवं व्यवस्था संतोषजनक पाए जाने पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की गई। इस दौरान कहा गया कि इसी प्रकार की कार्यप्रणाली अन्य क्षेत्रों में भी अपनाई जाए।निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि स्वच्छता, जल निकासी, अतिक्रमण नियंत्रण और यातायात प्रबंधन जैसे कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, जलकल विभाग के अधिकारी, मुख्य अभियंता सहित नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूरे निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

