नईदिल्ली,25 जून। ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने भारत में अपनी क्विक डिलीवरी सेवा अमेजन नाउ का बड़ा विस्तार करने की घोषणा की है। कंपनी अब इस सेवा को 300 से अधिक शहरों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। इससे पहले अप्रैल में अमेजन ने इसे 100 शहरों तक ले जाने की योजना बताई थी। कंपनी भारत में कारोबार को मजबूत करने के लिए 2,800 करोड़ रुपये का निवेश भी कर रही है और क्विक कॉमर्स क्षेत्र में अपनी पकड़ बढ़ाना चाहती है।
अमेजन ने कहा कि नाउ उसके भारत कारोबार की सबसे तेजी से बढऩे वाली इकाई बन गई है। लॉन्च के बाद से इसके ऑर्डर हर तिमाही में दोगुने हो रहे हैं। यह सेवा अभी बेंगलुरु, दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, अमृतसर और कोच्चि समेत 15 से अधिक शहरों में उपलब्ध है। कंपनी के अनुसार, 5 करोड़ से ज्यादा ग्राहक इस सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं और मिनटों में जरूरी सामान मंगा रहे हैं।
विस्तार योजना के तहत अमेजन अपने माइक्रो-फुलफिलमेंट और शहरी फुलफिलमेंट केंद्रों की संख्या में भी बड़ी बढ़ोतरी करेगा। इससे कंपनी ग्राहकों के करीब ज्यादा सामान स्टोर कर सकेगी और तेजी से डिलीवरी दे पाएगी। इस सेवा के जरिए ग्राहक किराना, ताजी फल-सब्जियां, पर्सनल केयर, ब्यूटी प्रोडक्ट, घरेलू सामान, फैशन और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत हजारों उत्पादों की खरीदारी कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि प्राइम सदस्य इस सेवा का ज्यादा उपयोग कर रहे हैं।
भारत के क्विक कॉमर्स बाजार में मुकाबला केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। कंपनियां टियर-2 और टियर-3 शहरों में तेजी से अपना नेटवर्क बढ़ा रही हैं। अमेजन का 300 शहरों तक पहुंचने का लक्ष्य इस क्षेत्र में अब तक घोषित सबसे बड़े विस्तार कार्यक्रमों में से एक है। कंपनी का मानना है कि छोटे शहरों में तेजी से बढ़ती मांग आने वाले समय में कारोबार का बड़ा आधार बनेगी और इसी से वह नेटवर्क को विस्तार दे रही है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

