लखनऊ 4 जून (आरएनएस ):राजधानी लखनऊ के थाना विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत सबोली, सेक्टर-सी में एक व्यक्ति द्वारा लाइसेंसी रिवॉल्वर से स्वयं को गोली मार लेने का मामला सामने आया है। घटना 03/04 जून 2026 की रात्रि लगभग 10 बजे की बताई जा रही है, जबकि इसकी सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को रात 12:22 बजे प्राप्त हुई।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 52 वर्षीय संदीप सिंह, पुत्र जीत बहादुर सिंह, निवासी सेक्टर-सी सबोली, थाना विकासनगर, ने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई प्रदीप सिंह ने बताया कि संदीप सिंह उस समय शराब के नशे में थे और इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर अवस्था में तत्काल ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में एक परिचित द्वारा डायल-112 को सूचना दी गई।मृतक संदीप सिंह एक निजी सुरक्षा संस्था “श्री राम सिक्योरिटी एजेंसी” में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो पुत्रियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान कमरे से लाइसेंसी रिवॉल्वर और खून के निशान बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। मौके पर स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और विधिक कार्यवाही नियमानुसार की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

