लखनऊ 4 जून (आरएनएस ):प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नामÓ अभियान के तहत बड़े पैमाने पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस व्यापक अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को लखनऊ स्थित कुकरैल वन क्षेत्र से करेंगे। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे अब तक का सबसे बड़ा पौधरोपण अभियान माना जा रहा है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अवसर पर कुकरैल वन क्षेत्र में स्वयं पौधरोपण करेंगे, जहां लगभग 200 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। कार्यक्रम में वन मंत्री, प्रभारी मंत्री, प्रमुख सचिव, विभागाध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वन विभाग द्वारा मुख्य राज्य स्तरीय आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है।यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे जनभागीदारी का एक व्यापक उत्सव बनाने की तैयारी की गई है। प्रदेश के 17 नगर निगमों, 825 विकास खंडों, 762 नगर निकायों और सभी ग्राम पंचायतों में एक साथ पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वन विभाग के नेतृत्व में ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान और नगर विकास विभागों के सहयोग से यह अभियान संचालित होगा।अभियान के दौरान अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेसवे, नदियों और नहरों के किनारे पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है, जिससे यह कार्यक्रम एक जन आंदोलन का स्वरूप ले सके।प्रदेश के विभिन्न मंडलों में भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। लखनऊ मंडल में सबसे अधिक 62.77 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा बरेली में 32.21 लाख, प्रयागराज में 32.17 लाख, मेरठ में 19.06 लाख, वाराणसी में 24.83 लाख, गोरखपुर में 24.75 लाख, कानपुर में 31.83 लाख, झांसी में 31.67 लाख और चित्रकूट में 31.29 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।इसी तरह विभागीय स्तर पर भी व्यापक तैयारी की गई है। ग्राम्य विकास विभाग द्वारा 3 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे, कृषि विभाग द्वारा 75 लाख, वन विभाग और उद्यान विभाग द्वारा 50-50 लाख, पंचायती राज विभाग द्वारा 20 लाख तथा नगर विकास विभाग द्वारा 5 लाख पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है।सरकार का दावा है कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और जलवायु संतुलन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। पूरे प्रदेश में एक दिन में इतने बड़े स्तर पर पौधरोपण को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह सक्रिय कर दी गई है और सभी जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

