-8 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान
अयोध्या 4 जून (आरएनएस)। केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में प्रदेशभर में 05 जून से 21 जून 2026 तक सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष विषयक विशेष जनसंपर्क एवं जन जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रूपरेखा की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों एवं आमजन के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रमों के आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत नगर निकायों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेस-वे, नदियों एवं नहरों के किनारे व्यापक वृक्षारोपण कराया जाए तथा सिटी फॉरेस्ट विकसित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने पारंपरिक एवं फलदार प्रजातियों के पौधारोपण पर विशेष बल देते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्देश दिए गए कि 08 जून से 14 जून 2026 तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इसके अंतर्गत जनपद के प्रबुद्धजनों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही नागरिकों को स्वयं पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विकासखंड एवं नगर क्षेत्र मुख्यालयों पर जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना, अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी तथा लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारी इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करेंगे। जनपद स्तरीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में योग, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना विकास, आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास, कानून-व्यवस्था एवं आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए परिवर्तन को प्रदर्शित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, कम लागत एवं अधिक आय आधारित कृषि तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएं तथा किसानों के साथ संवाद स्थापित किया जाए। बैठक में बताया गया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं, एनसीसी, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं अभियान अवधी में रात्रि चौपाल का आयोजन होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम प्लास्टिक मुक्त वातावरण में आयोजित किए जाएं तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, जिससे अधिकाधिक नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी गण एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

