देहरादून,04 जून(आरएनएस)। बीएसएनएल की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए हर ग्राम पंचायत को ‘भारतनेट’ योजना से जोड़ा जा रहा है। अब ग्रामीण युवाओं के पास ‘भारतनेट उद्यमी’ बनकर आत्मनिर्भर बनने और बेहतर कमाई करने का शानदार मौका है। गुरुवार को क्रॉस रोड स्थित कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बीएसएनएल के वरिष्ठ महाप्रबंधक विजयपाल ने इस नई पहल की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत का कोई भी 10वीं पास युवा भारतनेट उद्यमी बन सकता है। इसके लिए उसे लगभग एक लाख रुपये तक का शुरुआती निवेश करना होगा। बताया कि यदि ग्राम पंचायत की आबादी एक हजार से कम है, तो उद्यमी को विभाग की ओर से ?5,400 का वन-टाइम (एकमुश्त) प्रोत्साहन भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा, गांव में दिए जाने वाले हर नए कनेक्शन और मासिक रिचार्ज से होने वाली आय की आधी रकम सीधे उद्यमी को मिलेगी। उन्होंने स्थानीय युवाओं से इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाने की अपील की। अधिकारियों के मुताबिक, भारत नेट योजना के तहत अब तक देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों के 209 से ज्यादा गांवों में 3,165 ब्रॉडबैंड कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वर्तमान में 27 ग्रामीण उद्यमी निगम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। बीएसएनएल ने अब उत्तराखंड के 19 ब्लॉकों के 434 नए गांवों में भारत नेट कनेक्शन पहुंचाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। इस मौके पर उप महाप्रबंधक बलवंत सिंह, भीम सिंह चौहान और सहायक महाप्रबंधक एसके बहुगुणा आदि मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

