गांव गंगा में संध्या संवाद कार्यक्रम आयोजित
एसपी जसलीन कौर ने नशा, साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा पर किया जागरूक
सिरसा 5 जून (आरएनएस)। नशा मुक्त डबवाली अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से गांव गंगा में संध्या संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया । कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं बच्चों को नशा, साइबर अपराध व महिला सुरक्षा जैसे विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर जागरूक किया।पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। डबवाली पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस लड़ाई में समाज की भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा विरोधी मुहिम को जन आंदोलन का रूप देकर ही क्षेत्र को नशा मुक्त बनाना होगा ।संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के समक्ष अपने विचार और समस्याएं भी खुलकर रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उन्होंने “उम्मीद जिंदगी की” नामक एक कमेटी का गठन किया । कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस मुहिम में उन्हें पुलिस का सहयोग मिला, लेकिन नशा तस्करी से जुड़े कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उन्हें डराने-धमकाने के प्रयास भी किए गए। इसके बावजूद कमेटी के सदस्यों ने सामाजिक हित में अपने अभियान को जारी रखा और नशे के खिलाफ संघर्ष से पीछे नहीं हटे।ग्रामीणों ने नशे के दुष्प्रभावों के कारण हुई संदिग्ध मौतों से जुड़े मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया को लेकर भी अपने सवाल और चिंताएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं । एसपी जसलीन कौर ने ग्रामीणों की बात को गंभीरता से सुना तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए । उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत और सूचना की निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ जांच की जाएगी तथा कानून के अनुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 अथवा नजदीकी थाना-चौकी तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।उन्होंने युवाओं को खेलों, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जुडऩे का संदेश दिया। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की संगति और गतिविधियों पर नजर रखने तथा नियमित संवाद बनाए रखने की अपील की।साइबर अपराधों पर जागरूक करते हुए एसपी ने कहा कि किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें। किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।महिला सुरक्षा के विषय में उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। महिला हेल्पलाइन 1091,1081 आपातकालीन सेवा 112 तथा ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने को कहा।कार्यक्रम में पहुंचे नागरिक अस्पताल मंडी डबवाली के एसएमओ डॉ. हरसिमरन सिंह ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों और उपचार की जानकारी दी । उन्होंने कहा कि नशे की लत एक बीमारी है, जिसका समय पर परामर्श, उपचार और परिवार के सहयोग से प्रभावी समाधान संभव है।डॉ. हरसिमरन सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि नशा पीडि़त व्यक्तियों को छिपाने के बजाय उपचार के लिए आगे लाएं । उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति टीम डबवाली की सहायता से स्वास्थ्य विभाग द्वारा काउंसलिंग, उपचार और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं तथा प्रत्येक जरूरतमंद को हरसंभव सहायता दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान डबवाली पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा चलाए जा रहे डोर-टू-डोर अभियान की भी जानकारी दी गई। टीम नशा पीडि़तों की पहचान कर उन्हें उपचार और काउंसलिंग के लिए प्रेरित कर रही है। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। टीम के प्रयासों से कई नशा पीडि़त व्यक्तियों ने नशे को सदा के लिए अलविदा कहकर एक नई जिंदगी की शुरूआत की, जो अन्य नशा पीडि़तों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर सामने आए हैं ।
इस अवसर पर थाना सदर डबवाली के प्रबंधक उप निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, नशा मुक्ति टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुग्रीव सिंह, चौकी गोरीवाला प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुट होकर लडऩे का संकल्प लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

