– एसपी ने वाहनों को दिखाई हरी झंडी
फोटो परिचय- (4) वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते एसपी।
फतेहपुर 5 जून (आरएनएस )। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने व आपातकालीन पुलिस सहायता को त्वरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यूपी-112 सेवा को छह नई स्कॉर्पियो चार पहिया वाहन उपलब्ध कराए गए। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नए वाहनों की तैनाती थाना कोतवाली, मलवां, हुसैनगंज, खागा, चांदपुर तथा जाफरगंज थाना क्षेत्रों में की जाएगी। इन वाहनों के संचालन से आपात स्थितियों में पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम में कमी आएगी और आमजन को समयबद्ध एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यूपी-112 की कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से उपलब्ध कराए गए ये वाहन अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनता में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने में सहायक सिद्ध होंगे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी लाइन प्रगति यादव, प्रभारी यूपी-112 राम केवल पटेल सहित यूपी-112 से जुड़े अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने वाहनों के बेहतर रखरखाव, सुरक्षित संचालन एवं प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। नई स्कॉर्पियो वाहनों के बेड़े में शामिल होने से यूपी-112 सेवा की दक्षता में वृद्धि होने के साथ ही जनपदवासियों को त्वरित पुलिस सहायता का लाभ और अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

