लखनऊ 5 जून (आरएनएस ): थाना चिनहट क्षेत्रांतर्गत चिनहट तिराहा फल मंडी के पास सीवर लाइन की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 05 जून 2026 को सूचना मिली कि सीवर लाइन में कार्य करते समय एक कर्मचारी अंदर फंस गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि ललित पुत्र बहराइची, लालाराम, आकाश कुमार एवं राजन सीवर लाइन की सफाई का कार्य कर रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि कार्य के दौरान कर्मचारियों के पास सुरक्षा किट उपलब्ध थी और वे आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ कार्य कर रहे थे।कार्य के दौरान लालाराम सीवर लाइन के अंदर कार्य करते समय अचानक फंस गए। उनके साथ मौजूद अन्य कर्मचारियों एवं स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद उनकी हालत गंभीर देख तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया।हालांकि बाद में साथियों द्वारा उन्हें चंदन निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद लालाराम को मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है और किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं हुई। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं तथा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

