लखनऊ 5 जून (आरएनएस ) : बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) की राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद बहन कु. मायावती ने आज लखनऊ स्थित केंद्रीय कैम्प कार्यालय में हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर इकाई की समीक्षा बैठक की। बैठक में पार्टी संगठन की जमीनी मजबूती, जनाधार विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर समीक्षा करते हुए मायावती ने निर्देश दिया कि संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत तथा जनसंपर्क आधारित बनाया जाए, ताकि चुनावी सफलता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि बी.एस.पी. को आगे बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को तन, मन और धन से पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा।मायावती ने कहा कि बहुजन समाज को अपने वोट की सुरक्षा उतनी ही गंभीरता से करनी होगी जितनी वह अपने आत्म-सम्मान, इज्जत, जान-माल और धार्मिक आस्था की करता है। उन्होंने कहा कि यही अम्बेडकरवादी मिशन को आगे बढ़ाने का आधार है और इसे जन-जन तक पहुंचाना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।बैठक में हाल ही में हिमाचल प्रदेश में सम्पन्न स्थानीय निकाय चुनाव के बाद उत्पन्न राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान यह राय सामने रखी गई कि प्रदेश में जनता के बीच बी.एस.पी. को एक मजबूत वैकल्पिक राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता है, क्योंकि कांग्रेस और भाजपा के प्रति असंतोष की स्थिति देखी जा रही है।इसी तरह जम्मू-कश्मीर इकाई की समीक्षा के दौरान वहां की राजनीतिक एवं विकास संबंधी परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कहा गया कि लंबे समय से पूर्ण राज्य का दर्जा लंबित रहने के कारण क्षेत्र में असंतोष की भावना बनी हुई है, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनता के जीवन पर असर पड़ रहा है।पार्टी पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि हिमाचल और जम्मू-कश्मीर सहित अन्य राज्यों में बहुजन समाज के सामने गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा और सामाजिक पिछड़ेपन जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं। ऐसे में आवश्यक है कि समाज के लोग संगठित होकर शोषित से शासक वर्ग बनने की दिशा में आगे बढ़ें, जो अम्बेडकरवादी आंदोलन का मूल लक्ष्य है।बैठक में यह भी कहा गया कि जातिवादी और साम्प्रदायिक ताकतों के विरुद्ध संगठन को और अधिक मजबूती से खड़ा करना होगा तथा सामाजिक न्याय के मिशन को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना होगा।बी.एस.पी. ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सर्वसमाज के हितों की रक्षा करते हुए एक मजबूत, न्यायपूर्ण और समानता आधारित राजनीतिक व्यवस्था स्थापित करना है, जिसके लिए संगठनात्मक ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
(लखनऊ)ई-रिक्शा चालक ने महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
लखनऊ 5 जून (आरएनएस ): थाना निगोहां क्षेत्र में एक महिला के साथ ई-रिक्शा चालक द्वारा दुष्कर्म किए जाने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पीजीआई ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 01 जून 2026 को पीडि़ता द्वारा थाना निगोहां में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया कि 31 मई 2026 को वह तेलीबाग क्षेत्र में ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रही थी। इस दौरान वह तेलीबाग चौराहे से एक ई-रिक्शा में सवार हुई। आगे चलकर अन्य सवारियों के उतर जाने के बाद चालक और उसके साथी ने उसे बहाने से सुनसान क्षेत्र गौतमखेड़ा की ओर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।इस मामले में थाना निगोहां में मु0अ0सं0-59/2026, धारा 64(1) बीएनएस के तहत अज्ञात ई-रिक्शा चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान उपदेश लोधी उर्फ गहना, निवासी ग्राम रंजीत खेड़ा, मजरा विरसिंहपुर थाना निगोहां, लखनऊ के रूप में की।पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। जंगल मंगल तिराहा से ग्राम रमादाई खेड़ा जाने वाले मार्ग पर आरोपी को रोका गया, जहां उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षात्मक फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा (नंबर यूपी32एसटी4199) भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें रायबरेली जनपद के महाराजगंज थाने में विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के एक सहयोगी की तलाश भी जारी है।पुलिस टीम द्वारा घटना के सफल अनावरण के लिए थाना निगोहां पुलिस एवं सर्विलांस टीम (दक्षिणी) की भूमिका महत्वपूर्ण रही। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

