लखनऊ 5 जून (आरएनएस ): थाना मोहनलालगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हीरालालखेड़ा मजरा सिसेंडी में शुक्रवार सुबह एक 19 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 05 जून 2026 को सुबह करीब 08:45 बजे थाना मोहनलालगंज पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम हीरालालखेड़ा मजरा सिसेंडी में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां परिजनों द्वारा युवक को फंदे से नीचे उतार लिया गया था।पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि मकान में किराए पर रह रहे एक व्यक्ति ने सुबह लगभग 08:30 बजे युवक को उसके कमरे में छत में लगे पंखे से गमछे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका देखा था। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी गई।मृतक की पहचान विकास यादव पुत्र विनीत यादव, उम्र लगभग 19 वर्ष, निवासी ग्राम हीरालालखेड़ा मजरा सिसेंडी, थाना मोहनलालगंज, लखनऊ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घटना के समय उसके पिता उजाला हॉस्पिटल में मेडिकल असिस्टेंट के पद पर रात्रि ड्यूटी पर थे। मृतक की माता का पूर्व में निधन हो चुका है, जबकि उसकी इकलौती बहन ननिहाल में रहती है।जानकारी के अनुसार मृतक इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण था और बी.फार्मा प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

