लखनऊ 5 जून (आरएनएस ) : थाना मडिय़ांव क्षेत्र में ओवरब्रिज से एक युवती द्वारा कूदने की घटना में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 जून 2026 को समय लगभग 23:10 बजे स्थानीय लोगों ने थाना मडिय़ांव पुलिस को सूचना दी कि थाना मडिय़ांव के सामने स्थित ओवरब्रिज से एक युवती नीचे कूद गई है और पिंक बूथ के पास गंभीर अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार हेतु जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान के प्रयास किए, लेकिन शुरुआत में उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में दिनांक 05 जून 2026 को मृतका की पहचान उसके पिता राम केशन, निवासी कसाई बाड़ा, थाना मडिय़ांव, जनपद लखनऊ द्वारा अपनी पुत्री शिल्पी गौतम, उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में की गई।परिजनों द्वारा शिनाख्त के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।फिलहाल पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा दी है। मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है और पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

