लखनऊ 5 जून (आरएनएस ) : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में जनता गंभीर समस्याओं से जूझ रही है और सरकार उनके समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता की जीवन-यापन की लागत तेजी से ऊपर जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि कई परीक्षाओं के परिणाम भी लंबे समय से लंबित पड़े हैं। इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।उन्होंने किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है और किसान खाद व बीज के लिए दर-दर भटक रहे हैं। डीएपी और एनपीके जैसी उर्वरक सामग्री कालाबाजारी में उपलब्ध होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कृषि व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के वादे केवल कागजों तक सीमित रह गए हैं और वास्तविकता में स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जातिवाद और भ्रष्टाचार चरम पर है तथा थाना, तहसील और कलेक्ट्रेट स्तर पर आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही है।अखिलेश यादव ने बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भीषण गर्मी में जनता बिजली संकट से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नया बिजली उत्पादन नहीं हुआ, जिसके कारण आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।उन्होंने कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अराजकता बढ़ रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। प्रतापगढ़ की एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दबंगों द्वारा पुलिस चौकी के पास ही बुलडोजर चलाकर मकान और दुकान गिराए जाने जैसी घटनाएं अत्यंत गंभीर हैं।अखिलेश यादव ने गाजीपुर की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी प्रतिनिधिमंडल पर हमला हुआ, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न्याय की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है और प्रशासनिक व्यवस्था में निष्पक्षता का अभाव है।उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है और निवेश भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के समय बनाई गई योजनाएं जैसे एक्सप्रेस-वे किनारे मंडियों का कार्य वर्तमान सरकार ने रोक दिया है।अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने के लिए तैयार है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

