कोटद्वार,05 जून(आरएनएस)। भाबर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई करीब दो घंटे की तेज बारिश ने लोनिवि, नगर निगम और संबंधित विभागों की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद शहर और आसपास की मुख्य सड़कों से लेकर ग्रामीण संपर्क मार्गों तक जलभराव हो गया और सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।सबसे ज्यादा परेशानी किशनपुर और हल्दूखाता के बीच मिलन चौक पर हुई। यहां जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के इलाके का पानी खेतों में होते हुए सड़क पर आ गया। इसी क्षेत्र में जशोधरपुर सिडकुल के गंदे पानी की निकासी के लिए नाला भी बनाया गया है लेकिन यह नाला भूमिगत होने के कारण चोक पड़ा रहता है। तीन से चार जगहों पर जलभराव होने से लोगों को पैदल आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी। देवीरोड पर भी कई जगहों पर जलभराव होने से लोग परेशान रहे। सड़क पर जमा पानी के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए गुजरते दिखाई दिए जबकि पैदल चलने वाले लोगों को भी जलभराव के बीच से ही निकलना पड़ा। स्थानीय देशबंधु गढ़वाली, ईश्वर सिंह, भगत सिंह, राकेश ध्यानी का कहना है कि बारिश शुरू होते ही जल भराव हो जाता है। नालियों की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम की कमी के कारण पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। मगर स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। वहीं लोनिवि दुगड्डा के ईई निर्भय सिंह का कहना है कि देवीरोड पर सिमलचौड़ से लेकर लालबत्ती चौक तक सड़क पुनर्निर्माण के दौरान सड़क को ऊंचा उठाने के साथ ही निकासी नालियां दुरुस्त की जाएंगी। जशोधरपुर क्षेत्र में भी जलभराव का समाधान तलाशा जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

