विकासनगर,05 जून(आरएनएस)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्वांसी में शुक्रवार को क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करना, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों के नियमित टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करना रहा। बैठक के दौरान ब्लॉक समन्वयक महावीर सिंह राणा ने प्रथम एएनसी की समय पर पहचान और शीघ्र पंजीकरण की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की कोई भी गर्भवती महिला स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित नहीं रहनी चाहिए। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन ने कहा कि गर्भावस्था के शुरुआती तीन महीनों में पंजीकरण और प्रथम एएनसी जांच अत्यंत आवश्यक है। इससे संभावित जटिलताओं और हाई-रिस्क गर्भावस्था की समय रहते पहचान कर उचित उपचार शुरू किया जा सकता है। ब्लॉक समन्वयक महावीर सिंह राणा ने गर्भवती महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि गर्भावस्था के लक्षण दिखाई देते ही बिना देरी किए अपनी निकटतम आशा कार्यकर्ता, एएनएम या सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीकरण सुरक्षित मातृत्व की पहली और सबसे महत्वपूर्ण सीढ़ी है। बैठक में डॉ. सचिन, ब्लॉक समन्वयक महावीर सिंह राणा, एएनएम मनीष चौहान, आशा फैसिलिटेटर निशा रावत, पवन पांडे, मुकेश चौहान, प्रियंका गीत, ममता सहित क्षेत्र की समस्त आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

