विकासनगर,05 जून(आरएनएस)। सेलाकुई के नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-नौ बहादुरपुर में किसान सिंचाई संबंधी समस्याओं से परेशान हैं। किसानों ने इस समस्या से निजात के लिए ट्यूबवेल लगाने की मांग की है। ट्यूबवेल के लिए भूमि उपलब्ध करने के लिए किसानों ने मंथन किया। बैठक में क्षेत्र के किसानों ने बढ़ती गर्मी, लगातार गिरते भू-जल स्तर और सिंचाई के लिए पानी की कमी पर चिंता जताई। कहा कि वार्ड की सभासद अंबिका चौहान ने पूर्व में सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता को पत्र भेजकर क्षेत्र में जलस्तर में लगातार गिरावट, नहरों की सफाई न होने तथा बार-बार बिजली बाधित होने से किसानों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया गया था। बैठक के दौरान किसानों को जानकारी दी गई कि सिंचाई विभाग की ओर से आश्वासन दिया गया है कि यदि क्षेत्र में उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराई जाती है तो नया ट्यूबवेल स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे क्षेत्र की सिंचाई समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा। इस दौरान किसानों से जनहित में ट्यूबवेल स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। कुछ किसानों ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आपसी विचार-विमर्श के बाद निर्णय लेने की बात कही। बैठक में निरंजन चौहान, केहर सिंह खत्री, छबीलाल, भूप सिंह, सीताराम, छितर सिंह, करमचंद, राजेंद्र, ओम प्रकाश, जगदीश, प्रदीप सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

