हरिद्वार,05 जून(आरएनएस)। पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर सीसीआर मेला भवन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अपराध समीक्षा गोष्ठी की। गोष्ठी में एसएसपी नवनीत सिंह सहित जनपद के सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।बैठक में एसएसपी नवनीत सिंह ने जनपद में घटित विभिन्न अपराधों, उनके खुलासे और लंबित विवेचनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। आईजी राजीव स्वरुप ने अपराधों के सफल अनावरण के लिए पुलिस अधिकारियों की सराहना करते हुए विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सर्किल अधिकारियों को नियमित रूप से अपने क्षेत्र के थानों में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित कर विवेचनाओं की प्रगति की निगरानी करने को कहा। आईजी ने ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए मुख्यालय और रेंज स्तर पर संचालित अभियानों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसंख्या और अपराध के दृष्टिकोण से हरिद्वार एक संवेदनशील जिला है, इसलिए यहां प्रभावी और उच्चस्तरीय पुलिसिंग आवश्यक है। चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए उन्होंने यातायात प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने तथा देहरादून पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारू रखने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने जनपद पुलिस की ओर से कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी प्रतिबद्धता जताई।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

