हरिद्वार,05 जून(आरएनएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डीएम मयूर दीक्षित ने सिडकुल स्थित लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर हरित हरिद्वार मुहिम को आगे बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार को पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान यदि पेड़ों का कटान होता है तो उसकी भरपाई के लिए उससे अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए और उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि गिवमीट्रीज ट्रस्ट और इंडो एशियन कंपनी के सहयोग से विकसित लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क में अब तक करीब नौ हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। विश्व पर्यावरण दिवस पर यहां 300 से अधिक नए पौधों का रोपण किया गया। क्षेत्रीय प्रबंधक सिडकुल कमल किशोर ने बताया कि पार्क के लिए भूमि सिडकुल ने उपलब्ध कराई, जबकि इंडो एशियन कंपनी ने सीएसआर के तहत इसके विकास में सहयोग किया। गिवमीट्रीज ट्रस्ट के प्रोजेक्ट हेड जगदीप ठाकुर ने बताया कि पार्क के संरक्षण और रखरखाव की जिम्मेदारी ट्रस्ट अगले तीन वर्षों तक निभाएगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों और औद्योगिक इकाइयों के अधिकारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

