हरिद्वार,05 जून(आरएनएस)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की कार्रवाई के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। आईएमए की आपात बैठक में चिकित्सकों ने सीएमओ कार्यालय के घेराव करने का निर्णय लिया है। चिकित्सकों का आरोप है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद कार्रवाई पर पुनर्विचार नहीं किया गया। शुक्रवार को आईएमए के कैंप कार्यालय में आयोजित आपात बैठक में जिले भर के चिकित्सकों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. केपीएस. चौहान ने कहा कि दो जून को जगजीतपुर, कनखल स्थित राजा गार्डन में आईएमए सदस्य एवं ईएच प्रैक्टिशनर डॉ. रमेश जालान की क्लीनिक को प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया था। इसके बाद तीन जून को आईएमए की ओर से संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले के सभी तथ्यों से अवगत कराया गया तथा क्लीनिक की सील खोलने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई। बैठक में मौजूद चिकित्सकों ने इसे चिकित्सक समुदाय के हितों के विपरीत बताते हुए नाराजगी जताई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर के चिकित्सक एकजुट होकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। साथ ही सीएमओ के खिलाफ न्यायालय के आदेशों की अवमानना को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी। बैठक में डॉ. अमर पाल अग्रवाल, डॉ. आदेश शर्मा, डॉ. अशोक कुशवाहा, डॉ. विक्रम सिंह चौहान, डॉ. चांद उस्मान अंसारी, डॉ. सुनील अग्रवाल, डॉ. राकेश कुमार और डॉ. रमेश जालान समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

