नईदिल्ली,06 जून। महिला टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज 12 जून से होगा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। भारतीय टीम अब तक एक भी टी-20 विश्व कप खिताब नहीं जीत सकी है। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।
हरमनप्रीत सूची में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं। उन्होंने 39 मैच खेले हैं, जिसमें 25.03 की औसत और 112.21 की स्ट्राइक रेट के साथ 726 रन बनाए हैं। उन्होंने 1 शतक और 4 अर्धशतक भी लगाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज ने भी 24 मैच की 23 पारियों में 726 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से इस टूर्नामेंट में 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 57 रन रहा है।
स्मृति मंधाना ने इस टूर्नामेंट के कुल 6 संस्करणों (2014-2024) में हिस्सा लिया है। इस बीच उन्होंने 25 मैचों में 21.83 की औसत और 114.41 की स्ट्राइक रेट से 524 रन बनाए हैं। उन्होंने 87 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक लगाए हैं। वह एक पारी में शून्य पर भी आउट हुई हैं। टी-20 विश्व कप के सभी संस्करणों को मिलाकर उन्होंने कुल 65 चौके और 11 छक्के लगाए हैं।
साल 2018 के टी-20 विश्व कप में अपना पहला मैच खेलने वाली जेमिमा रोड्रिगेज इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। वह अब तक 19 मुकाबले खेल चुकी हैं और इसकी 19 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 407 रन बनाए हैं। उनकी औसत 23.94 और स्ट्राइक रेट 111.81 की रही है। रोड्रिगेज के बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 59 रन रहा है। इस खिलाड़ी ने 41 चौके और सिर्फ एक छक्का लगाया है।
पूनम राउत चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने पहला टी-20 विश्व कप मुकाबला 2009 में खेला था। आखिरी बार वह 2014 में खेलती हुईं नजर आईं थी। उन्होंने 15 मुकाबले खेले हैं और इसकी 15 पारियों में 31.25 की औसत और 90.57 की स्ट्राइक रेट से 375 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं और उनरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर 56 रन रहा है। इस खिलाड़ी ने 41 चौके लगाए हैं। वह एक भी छक्का नहीं लगा पाईं हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

