हरिद्वार,06 जून(आरएनएस)। भारतीय शिक्षा बोर्ड (बीएसबी) ने पतंजलि फेज-2 स्थित पीआरआई ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय संवादात्मक बैठक (इंटरेक्शन सेशन) का समापन हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविदों, विद्यालय प्रतिनिधियों और शिक्षा विशेषज्ञों ने सहभागिता कर भारतीय शिक्षा के भविष्य पर गंभीर मंथन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने में भारतीय शिक्षा बोर्ड की महत्वपूर्ण भूमिका होने वाली है। उन्होंने कहा कि बीएसबी केवल एक शैक्षणिक बोर्ड नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, नैतिक मूल्यों, कौशल विकास और आधुनिक ज्ञान-विज्ञान को एकीकृत करने वाला एक राष्ट्रीय शैक्षिक आंदोलन है। डॉ. सिंह ने कहा कि देश के विभिन्न प्रांतों से आए शिक्षाविदों के अनुभव, सुझाव और विचार-विमर्श भविष्य की शिक्षा नीति और शैक्षणिक नवाचारों के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में प्रशिक्षण एवं गुरुकुल शिक्षा सलाहकार वंदना पांडे, शैक्षणिक निदेशक लक्ष्मी प्रमाणिक, परीक्षा नियंत्रक राजबीर सिंह, संबद्धता सलाहकार एवं प्रशिक्षण निदेशक विवेक सहित बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

