हरिद्वार,06 जून(आरएनएस)। लालढांग क्षेत्र के नलोवाला गांव में पिछले एक माह से पेयजल आपूर्ति बंद होने से करीब एक हजार की आबादी संकट झेल रही है। जल जीवन मिशन की योजना तकनीकी खामी के कारण ठप पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। लालढांग क्षेत्र के नलोवाला गांव में जल जीवन मिशन के तहत बने ओवरहेड टैंक से पेयजल आपूर्ति पिछले एक माह से ठप है। मोटर खराब होने और विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण करीब एक हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दराज के स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जबकि महिलाओं को घरेलू कार्यों के लिए कोसों दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। मवेशियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। गांव में लगे हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। जल जीवन मिशन योजना के जेई सलमान ने बताया कि नलोवाला में पिछले तीन सप्ताह से विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण ट्यूबवेल का संचालन बंद है और पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। ऊर्जा विभाग से संपर्क कर बिजली आपूर्ति सुचारु कराने का प्रयास किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

