एडीसी को अपनी मांगों संबंधी सौंपा ज्ञापन
सिरसा 7 जून (आरएनएस)। नागरिक संसाधन सूचना विभाग (सीआरआईडी) के अंतर्गत परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के समाधान हेतु 08 जून 2026 (सोमवार) को राज्यव्यापी हड़ताल एवं प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इस दौरान प्रदेशभर में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से संबंधित विभिन्न सेवाएं, सत्यापन कार्य, शिकायत निवारण, डेटा प्रबंधन तथा अन्य पीपीपी गतिविधियां प्रभावित रहेंगी। हड़ताल को लेकर कर्मचारियों ने एडीसी सिरसा को एक मांग पत्र भी सौंपा। सिरसा ब्लॉक से जिला मैनेजर रविंद्र कुमार व मनोज कुमार ने बताया कि वर्तमान में परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) परियोजना के अंतर्गत लगभग 400 कर्मचारी प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यरत हैं। इनमें मुख्य रूप से पीपीपी जिला प्रबंधक, ब्लॉक प्रबंधक, प्रोग्रामर, अकाउंटेंट एवं अन्य फील्ड कर्मचारी शामिल हैं। सिरसा में 12 जोनल मैनेजर, एक जिला मैनेजर, 2 एफसीपी व एक अकाऊंटेंट स्टाफ कार्यरत है। ये कर्मचारी परिवार पहचान पत्र, आय सत्यापन, लाभ सत्यापन, नागरिक शिकायतों के निस्तारण, डेटा प्रबंधन, सर्वेक्षण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कर्मचारी प्रतिनिधियों के अनुसार लंबे समय से उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं। इन मांगों को लेकर पूर्व में विभागीय अधिकारियों को कई बार अवगत करवाया जा चुका है। 08 दिसंबर 2025 को हुई बैठक में भी मांगों पर विचार कर समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण कर्मचारियों ने सामूहिक आंदोलन का निर्णय लिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

