रायपुर, 07 जून (आरएनएस)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने थाना धरसीवां अंतर्गत चौकी सिलयारी के गुमशुदा नाबालिग बालिका प्रकरण में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले की गंभीरता का सही आकलन नहीं करने पर चौकी प्रभारी जितेन्द्र दुबे को निलंबित कर प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 18 अप्रैल 2026 को नाबालिग बालिका के पिता ने चौकी सिलयारी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्री 17 अप्रैल से लापता है। इस पर थाना धरसीवां में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने 18 अप्रैल को बालिका को दस्तयाब कर लिया था तथा महिला पुलिस अधिकारी द्वारा उसका बयान दर्ज किया गया। इसके बाद बालिका को बाल कल्याण समिति एवं न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर धारा 183 बीएनएसएस के तहत कथन दर्ज कराया गया, जिसमें उसने किसी भी प्रकार के अपराध से इनकार किया था।
इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब नाबालिग के दादा का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ, जिसमें कथित रूप से मामले को दबाने के लिए पैसे लेते हुए दिखाया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने मामले के खारिज प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए पुन: विवेचना के निर्देश दिए।
पुन: जांच के दौरान नाबालिग के बयान में अपराध की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों द्वारा जुर्म स्वीकार करने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच लगातार जारी है तथा वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण ने चौकी प्रभारी सिलयारी जितेन्द्र दुबे के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार चौकी प्रभारी ने नाबालिग बालिका के अपहरण जैसे गंभीर मामले को केवल कानूनी दृष्टिकोण से देखा तथा स्थानीय और सामाजिक स्तर पर मिल रही सूचनाओं को गंभीरता से नहीं लिया। प्रकरण के सही आकलन में कमी पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबद्ध किया गया है तथा प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

