धमतरी, 07 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेचका क्षेत्र में 44 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे सहित वाहन, मोबाइल और नकदी समेत कुल लगभग 15.02 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से ओडिशा और महाराष्ट्र सीमा से जुड़े क्षेत्रों में अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना मेचका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लाल रंग की हुंडई आई-20 कार (क्रमांक जी.जे-03-पी.डी-5152) में अवैध गांजा भरकर भवानीपटना (ओडिशा) से धमतरी की ओर लाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें 44 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उक्त गांजा ओडिशा से गुजरात ले जाकर बिक्री करने की योजना बना रहे थे। उनके पास से गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले।
जप्त सामग्री में 44 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 8.80 लाख रुपये), हुंडई आई-20 कार (6 लाख रुपये), तीन मोबाइल फोन और नगदी 7,500 रुपये शामिल हैं। कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 15.02 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर खमीसा सिंधी (32 वर्ष), निवासी मोरवी (गुजरात) और मोहम्मद रफीक (25 वर्ष), निवासी जामनगर (गुजरात) के रूप में हुई है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि पिछले छह सप्ताह में सीमावर्ती क्षेत्रों में की गई लगातार कार्रवाइयों में गांजा तस्करी के कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें करोड़ों रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती और निरंतरता के साथ जारी रहेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

