दुर्ग, 07 जून (आरएनएस)। थाना पुरानी भिलाई पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों में भय फैलाने और सोशल मीडिया पर रील बनाकर प्रदर्शन करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार हथियार भी बरामद किया गया है, जिसके बाद उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार दिनांक 06 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दादर क्षेत्र में दादर रोड पुलिया के पास एक व्यक्ति विद्युत खंभे के नीचे धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने का कार्य कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नितिन कुमार डहरिया उर्फ बंटी (28 वर्ष), निवासी ग्राम दादर, थाना भिलाई-03, जिला दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोहे का धारदार दांतेदार हथियार बरामद हुआ, जिसकी लंबाई लगभग 14 इंच बताई गई है। आरोपी उक्त हथियार रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 295/2026 के तहत धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। चूंकि प्रकरण अजमानतीय था, इसलिए आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा हथियार के साथ रील बनाकर प्रदर्शन किया जा रहा था, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन, धमकाने की प्रवृत्ति या सोशल मीडिया पर ऐसे कृत्यों का प्रचार-प्रसार कानूनन अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

