जशपुर, 07 जून (आरएनएस)। जशपुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने एवं ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम बेतरा में पुलिस जन-चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात कुंज राम चौहान, कोर्ट मोहर्रिर महिला आरक्षक सुषमा भगत, महिला आरक्षक मधु मंजरी तिर्की, महिला आरक्षक शर्मिला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
जन-चौपाल के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. सिंह ने ग्रामीणों को पुलिस मितान योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याओं, विवादों एवं अपराधों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचे और उनका त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस मितान के माध्यम से पुलिस के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा अपने गांव को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
डॉ. सिंह ने पुलिस की कार्यप्रणाली, नागरिकों के कानूनी अधिकारों एवं पुलिस की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस का कार्य केवल अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि समाज में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखना भी है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी ने ग्रामीणों से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम में नशामुक्त समाज की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है, जो व्यक्ति की मानसिक एवं शारीरिक क्षमता को प्रभावित करता है तथा परिवार और समाज में अनेक समस्याओं को जन्म देता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएं और एक स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में योगदान दें।
०


