राजनांदगांव, 07 जून (आरएनएस)। पुलिस चौकी चिचोला एवं स्पेशल टीम डोंगरगढ़ डिवीजन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से डीजल भंडारण कर ट्रक चालकों को बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से 610 लीटर डीजल तथा बिक्री की राशि जब्त की गई है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 06 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटेकोहरा बेरियर के पास स्थित एक ढाबे में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर ट्रक चालकों को बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी के मार्गदर्शन में स्पेशल टीम एवं चिचोला पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से रेड कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद कई लोग भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम बहादूर अली (50 वर्ष), निवासी ग्राम माचा, पोस्ट खम्हरिया, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) तथा वर्तमान में रामपुर (खातुटोला), पाटेकोहरा बेरियर स्थित ढाबा पर कार्यरत बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से कुल 610 लीटर डीजल बरामद हुआ, जो विभिन्न प्लास्टिक केन और जरीकेनों में भरा हुआ था। इसके अलावा बिक्री की राशि 500 रुपये भी जप्त की गई। जब्त डीजल की कुल कीमत लगभग 62,830 रुपये बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ढाबा संचालक अतीक अहमद उर्फ जुम्मन खान के यहां मैनेजर के रूप में कार्य करता है और अवैध रूप से डीजल की खरीद-बिक्री का कार्य देखता है। हालांकि वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया है।
मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

