सरगुजा,07 जून (आरएनएस)। आबकारी एक्ट के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान थाना उदयपुर पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 38 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब बरामद की है, जिसकी कुल कीमत 26,740 रुपये आंकी गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में आबकारी एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 06 जून 2026 को थाना उदयपुर पुलिस की टीम पेट्रोलिंग एवं ग्राम भ्रमण पर थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भंडारगांव में एक युवक अपने किराये के मकान के पास अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और दबिश दी। वहां मौजूद युवक ने पूछताछ में अपना नाम अभिषेक यादव (24 वर्ष) निवासी रोपाखार, थाना कमलेश्वरपुर एवं वर्तमान निवासी भंडारगांव, थाना उदयपुर बताया।तलाशी के दौरान आरोपी ने घर के भीतर रखे तीन कार्टूनों में अलग-अलग ब्रांड की शराब पुलिस के समक्ष प्रस्तुत की। बरामद शराब में 134 नग गोल्डन गोवा, 8 नग रॉयल चैलेंजर व्हिस्की, 2 नग रॉयल स्टेज व्हिस्की, 6 नग आईबी, 4 नग मैजिक मूवमेंट वोडका, 4 नग मैकडॉवेल, 3 नग सिम्बा बीयर, 34 नग मसाला देशी और 5 नग यूनिक देशी शराब शामिल हैं।कुल 38 लीटर शराब की कीमत लगभग 26,740 रुपये आंकी गई। आरोपी शराब बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, संजय नागेश तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

