रायगढ़, 07 जून (आरएनएस)। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में कुल 29.50 लीटर देशी, अंग्रेजी एवं महुआ शराब तथा नकदी रकम बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 06 जून 2026 को थाना जूटमिल, चौकी खरसिया एवं थाना छाल पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की गई।
जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने काशीराम चौक के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी सतीश भटपहरे (21 वर्ष), निवासी गांधी नगर, रायगढ़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से देशी एवं अंग्रेजी शराब सहित कुल 13.500 बल्क लीटर शराब तथा 200 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इसी तरह चौकी खरसिया पुलिस ने पनखतिया तालाब के पास से राहुल सारथी (28 वर्ष), निवासी खरसिया को गिरफ्तार किया, जिसके पास से लगभग 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। उसके खिलाफ भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं थाना छाल पुलिस ने ग्राम कुकरीचोली क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पवन कुमार चौहान (26 वर्ष) को 6 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब, मादक पदार्थों एवं नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
इस कार्रवाई में संबंधित थाना एवं चौकी स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
०


