जांजगीर-चांपा, 07 जून (आरएनएस)। अकलतरा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर युवक के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप है, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर युवक ने जहर का सेवन कर लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीडि़त युवक द्वारा थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि राजनांदगांव की एक महिला उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक फोटो भेजकर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दे रही थी और लगातार पैसों की मांग कर रही थी। धमकी से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में बिलासपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह उपचाराधीन है।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला और पीडि़त एक-दूसरे को पहले से जानते थे। करीब 12 से 15 दिनों से महिला आरोपी लगातार पीडि़त को ब्लैकमेल कर रही थी और पैसे न देने पर इंस्टाग्राम पर फोटो वायरल करने की धमकी दे रही थी।
मामले में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 314/2026 धारा 308(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और चैट रिकॉर्ड के आधार पर महिला आरोपी को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे एवं आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

