भोपाल 7 जून (आरएनएस)। कोहेफिजा थाना क्षेत्र स्थित हमीदिया अस्पताल परिसर में रविवार को तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने कार में तोडफ़ोड़ कर दी। गुस्साए लोगों ने कार पलटा दी।
जानकारी के अनुसार, हमीदिया अस्पताल परिसर में कार तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे में गीता सेन (44) पति प्रहलाद सेन निवासी पिपलानी और जावेद नाम का एक युवक भी घायल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और उन्होंने कार चालक के खिलाफ नाराजगी जताई। कुछ लोगों ने गुस्से में कार के शीशे तोड़ दिए और बाद में वाहन को पलट दिया।
सूचना मिलने पर कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। पुलिस कार चालक की भूमिका और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

