सिवनी को 494.16 करोड़ के 629 विकास कार्यों की सौगात, 3,941 किसानों के खातों में पहुंचेगी प्रोत्साहन राशि_
सिवनी 30 जून (आरएनएस)। जिले में बुधवार 1 जुलाई को प्रदेश स्तरीय धान महोत्सव का भव्य आयोजन मुख्यमंत्री मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जिले के लिए 494.16 करोड़ रुपये की लागत वाले 629 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। साथ ही श्रीअन्न (कोदो-कुटकी) उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 3,941 किसानों के बैंक खातों में 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित करेंगे।
जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में कुल 349.33 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 144.83 करोड़ रुपये के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल एवं नगरीय अधोसंरचना को नई गति मिलने की उम्मीद है।
*श्रीअन्न उत्पादक किसानों को मिलेगा सीधा लाभ*
कार्यक्रम के दौरान राज्य के कोदो एवं कुटकी उत्पादक किसानों को प्रति क्विंटल 1,000 रुपये की दर से प्रोत्साहन राशि उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों की आय में वृद्धि करना तथा पोषणयुक्त फसलों को प्रोत्साहित करना है।
*विकास प्रदर्शनी बनेगी मुख्य आकर्षण*
धान महोत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा थीम आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसमें आधुनिक कृषि यंत्र, प्राकृतिक खेती, प्राकृतिक बगीचे, कस्टम हायरिंग सेंटर, जीआई टैग एवं मिलेट्स उत्पाद, पीएमएफएमई उत्पाद, आम की विभिन्न किस्में, स्व-सहायता समूहों के हस्तशिल्प एवं मिट्टी कला उत्पाद, लघु वनोपज, स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद, पोषण आहार, डिजिटल जमीन, कृषिका एप और किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। आकर्षक सेल्फी प्वाइंट भी आमजन के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
इन प्रमुख विकास कार्यों का होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री दौंदीवाड़ा–बरटोला–ओखाटोला–अमुरला मार्ग, पांडिया छपारा–जेवनारा मार्ग, मोहबर्रा–सारसडोल मार्ग, मलारी–पौड़ी मार्ग सहित कई सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विभिन्न पुलों के निर्माण कार्य भी जनता को समर्पित किए जाएंगे।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की बरघाट, केवलारी, सिवनी एवं लखनादौन की करोड़ों रुपये की एकल नल-जल योजनाओं का लोकार्पण होगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिहोरा, घंसौर, केदारपुर तथा उप स्वास्थ्य केंद्र लखनवाड़ा, बींझावाड़ा एवं तिघरा भी जनता को समर्पित किए जाएंगे।
*इन परियोजनाओं का होगा भूमिपूजन*
मुख्यमंत्री केवलारी खेड़ा–टालाटाली मार्ग, गनेशगंज–लामटा–सुनवारा–पिंडरई–देवरी टीका मार्ग, बबरिया गार्डन स्विमिंग पूल, नवीन फायर स्टेशन, नगर पालिका कार्यालय भवन, मिनी स्टेडियम लखनादौन, संदीपनि विद्यालय धूमा के छात्रावास, उप स्वास्थ्य केंद्रों, कन्या शिक्षा परिसरों की एप्रोच रोड तथा नवीन आंगनवाड़ी भवनों सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे।
जनप्रतिनिधियों की रहेगी उपस्थिति
कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व एवं जिले के प्रभारी मंत्री करण सिंह वर्मा, कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना, सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद भारती पारधी, विधायक दिनेश राय, कमल मर्सकोले, रजनीश सिंह, योगेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मालती डहेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहेंगे।
यह आयोजन जिले के विकास, कृषि उन्नयन और श्रीअन्न उत्पादन को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

