एक माह में चौथी चोरी से ग्रामीणों में दहशत, रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
गोपालगंज 30 जून (आरएनएस)। लखनवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग नागपुर रोड स्थित ग्राम बाघराज में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
पीडि़त फिरोज खान पिता सुल्तान अहमद ने बताया कि स्कूल खुलने के कारण वे बच्चों के लिए ड्रेस और पुस्तकें खरीदने सिवनी गए थे तथा वहीं रुक गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गोदरेज की अलमारी का लॉकर तोड़ दिया। पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचकर देखा तो लगभग सोने के जेवर, चांदी और करीब 2.50 लाख रुपये नकद गायब थे।
घटना की सूचना मिलते ही पीडि़त ने लखनवाड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी सी.के. सिरामे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम की भी सहायता ली जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक माह के भीतर बाघराज में यह चौथी चोरी की घटना है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

