सिरसा 8 जून (आरएनएस)। हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति, सिरसा द्वारा भविष्य का भारत एवं भविष्य की योजनाएं विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन पटवार भवन, सिरसा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के परिचय एवं अनुभव साझा करने से हुआ। कार्यशाला की अध्यक्षता डा. विनोद पिलनी ने की। मंच पर प्रमोद गौरी, मनीषा हंस, सुरेश गिरधर व संस्था संरक्षक कुलवंत सिंह उपस्थित रहे।
पहले सत्र में प्रमोद गौरी, राज्य अध्यक्ष ने हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति के 30 वर्षों के संघर्ष, कार्यों व उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज और परिवार में विचार-विमर्श की कमी से खोखलापन बढ़ रहा है। समिति का उद्देश्य समाज में विचारशीलता बनाए रखना है। उन्होंने संगठन को ब्लॉक व गांव स्तर तक मजबूत करने के सुझाव दिए। दूसरे सत्र में मनीषा हंस, राज्य कोषाध्यक्ष एवं सुरेश गिरधर, सदस्य राज्य सचिव मंडल ने भविष्य का भारत एवं भविष्य की योजनाएं विषय पर व्याख्यान दिया। एडवोकेट चंचल रानी ने कहा कि जब तक जीवन-यापन की मूलभूत समस्याएं हल नहीं होतीं, ज्ञान-विज्ञान की बातें बेमानी लगती हैं। बलबीर कौर गांधी ने महिलाओं की भागीदारी, महिला समानता व उन पर होने वाले अत्याचारों को चुनौती बताया। प्रगति रानी ने सोशल मीडिया पर युवाओं की भूमिका और सही-गलत की पहचान पर जोर दिया। मास्टर कुलदीप सिंह ने गीतों के माध्यम से बेटियों पर हो रही ज्यादतियों को उजागर कर बेटियों को बेटों के समान अवसर देने की अपील की।
जिला सचिव ललित सोलंकी ने संगठन को जिला से गांव स्तर तक ले जाने का संकल्प दोहराया। कार्यशाला में कबीर जयंती मनाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदनलाल खोथ ने अतिथियों के भोजन की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि हरियाणा ज्ञान विज्ञान समिति छात्रों, महिलाओं, मजदूरों, कर्मचारियों, अध्यापकों को साथ लेकर चलने वाली संस्था है और उसे उनका पूर्ण समर्थन रहेगा। डॉ. विनोद पिलनी ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि ज्ञान-विज्ञान को समाज तक पहुंचाने से ही सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक कुलवंत सिंह ने किया। कार्यक्रम में राजेंद्र सिंह, डॉ. एचआर गांधी, गोरधनदास, सुखबीर सिंह, भारत भूषण, दर्शना, पिंकी, विवेक, सुशील, सुरेश बरनवाल, साहब राम भरोखा, सुभाष चंद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

