जौनपुर 8 जून (आरएनएस )। जिला चिकित्सालय में सोमवार दोपहर 25 वर्षीया रिंकी देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। रिंकी गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के नरेंद्रपुर गांव की निवासी थीं और रोहित की पत्नी थीं। परिजनों के अनुसार, एक सप्ताह पूर्व रिंकी का एक निजी अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। हालत गंभीर होने पर परिवार पहले उन्हें एक अन्य निजी अस्पताल ले गया और बाद में रविवार शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण उनकी जान चली गई। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों से इनकार किया है। चिकित्सकों के मुताबिक, महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि मृतका के पिता जियालाल ने वाराणसी ले जाने में असमर्थता जताई थी। उन्होंने रेफरल पत्र पर लिखित रूप से यह भी दर्ज किया कि वे मरीज को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर नहीं ले जा सकते। चिकित्सकों ने उन्हें समझाया था कि बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ले जाना जरूरी है, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए।सोमवार को उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने विरोध जताया और कुछ समय तक हंगामा किया। बाद में वे शव लेकर अपने घर चले गए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

