मौत से साथी अधिवक्ताओं में गम व आक्रोश
प्रयागराज 8 जून (आरएनएस )। पिछले दिनों सड़क हादसे में जख्मी जिस महिला अधिवक्ता के इलाज को लेकर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के जूनियर डॉक्टर और वकीलों के बीच बखेड़ा हुआ था, उस वकील जागृति शुक्ला की मौत रविवार देर रात लखनऊ के एसपीजीआई अस्पताल में हो गई। इसका पता चलते ही प्रयागराज में अधिवक्ताओं के बीच गम और गुस्सा छा गया।
ज्ञात हो कि झूंसी निवासी अधिवक्ता जागृति शुक्ला 20 मई 2026 की सुबह क्रिकेट मैच की प्रैक्टिस के लिए हाई कोर्ट की तरफ जा रही थीं। पोलो ग्राउंड के पास पहुंचते ही एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में साथी वकील घायल जागृति को इलाज कराने के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों से विवाद हो गया। उनके बीच मारपीट और जमकर बखेड़ा हुआ था।
स्वरूप रानी अस्पताल में डॉक्टर और सड़क पर अधिवक्ता प्रदर्शन करते रहे, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई थी। तीसरे दिन वकीलों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त किया था। अधिवक्ताओं से मारपीट पर कोतवाली थाने में और टक्कर मारने वाली कार चालक के विरुद्ध सिविल लाइंस थाने में केस लिखा गया था। सिविल लाइंस पुलिस ने कार को सीज कर दिया है। वह आकलैंड कैंट निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

