संतों ने किया कन्यादान, भोजपुरी स्टार हुए शामिल
प्रयागराज 8 जून (आरएनएस ) कौंधियारा क्षेत्र के बेलसारा गांव में स्थित श्री हरि धाम सनातन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित गंगा महोत्सव के अवसर पर पांच निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक और उत्सवमय माहौल से भर गया।
सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन महामंडलेश्वर विनयानंद गिरी जी महाराज के सानिध्य में किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच पांचों निर्धन कन्याओं का विवाह विधिवत संपन्न हुआ। विवाह मंडप में उपस्थित संत- महात्माओं ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी और समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस आयोजन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करना और समाज में सामूहिक विवाह जैसी परंपराओं को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में भोजपुरी फिल्म जगत के कई चर्चित कलाकारों ने भी शिरकत की। इसमें अभिनेता के.के. गोस्वामी और लोकप्रिय गायिका शिल्पी राज सहित कई अन्य कलाकार शामिल रहे। कलाकारों की मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सभी कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
महामंडलेश्वर विनयानंद गिरी जी महाराज ने स्वयं पांचों निर्धन कन्याओं का कन्यादान कर समाज के सामने सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बेटी का विवाह हर परिवार के लिए भावनात्मक और महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर जरूरतमंद परिवारों की मदद करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।
बाक्स
पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने दी शुभकामनाएं
प्रयागराज।(आरएनएस ) कार्यक्रम में बारा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया भी पहुंचे। उन्होंने नवविवाहित पांचों जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल और सुखद भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह समाज में समानता, सहयोग और एकता का संदेश देते हैं और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

