42 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, अधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
प्रयागराज 8 जून (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शुरू हो गई है। पहले दिन प्रयागराज जिले के 42 केंद्रों पर 33 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कुल 98,064 अभ्यर्थी तीन दिनों तक यह परीक्षा देंगे, जिसके लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
डीसीपी शांडिल्य ने बताया कि भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रयागराज के सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए अलग-अलग मॉनिटरिंग रूम बनाए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। यह तैनाती अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा को रोकने के लिए है। परीक्षार्थियों को सुरक्षा जांच के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
प्रयागराज पुलिस और प्रशासन ने सोशल मीडिया सेल को भी पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। इसके साथ ही विशेष निगरानी टीमें गठित की गई हैं, जो परीक्षा से जुड़ी अफवाहों, शिकायतों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिछले वर्षों में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी या पेपर लीक जैसे मामलों में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

