देहरादून,08 जून(आरएनएस)। नगर निगम देहरादून सभागार में नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वच्छता व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं यूजर चार्ज वसूली की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, नव नियुक्त निरीक्षक, पर्यवेक्षक तथा स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में नगर क्षेत्र के गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (जीवीपी) समाप्त करने, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को शत-प्रतिशत घरों तक पहुंचाने तथा स्रोत स्तर पर कूड़ा पृथक्करण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित निगरानी और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यूजर चार्ज संग्रहण की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। बेहतर और कमजोर प्रदर्शन करने वाले समूहों की कार्यप्रणाली पर चर्चा करते हुए संग्रहण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने समूहों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।बैठक में उप नगर आयुक्त तनवीर सिंह मरवाह, सहायक नगर आयुक्त राजबीर सिंह चौहान सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करने पर बल दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

