देहरादून,08 जून(आरएनएस)। कैनाल रोड, जाखन क्षेत्र में नगर निगम द्वारा सौंदर्यीकरण के नाम पर बनाए गए फुटपाथों को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं “जागरूक बनो, आवाज उठाओ” अभियान के संयोजक यश वीर आर्य ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की भूमि पर लगभग दो मीटर तक चौड़े बनाए गए फुटपाथ व्यावहारिक उपयोगिता के बजाय बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फुटपाथ बनने से आवासीय क्षेत्रों में आने वाले लोगों के वाहन सड़क पर खड़े करने पड़ रहे हैं, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ वाहन चालकों पर चालान या वाहन उठाए जाने का खतरा भी बढ़ गया है। उनका आरोप है कि कई स्थानों पर जल निकासी प्रभावित हो रही है और कुछ हिस्सों में निर्माण कार्य अभी से क्षतिग्रस्त दिखाई देने लगा है।यश वीर आर्य ने कहा कि साईं मंदिर से राजपुर रोड तक अक्सर यातायात डायवर्ट किया जाता है। ऐसे में सड़क की उपयोगी चौड़ाई कम होने से ट्रैफिक व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि फुटपाथ निर्माण की उपयोगिता का पुनर्मूल्यांकन किया जाए तथा आवश्यकता पडऩे पर इन्हें हटाकर निर्माण सामग्री का उपयोग अन्य जनहित कार्यों में किया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

